
िलासपुर (राजा साहब न्यूज़)। दयालबंद स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में सिखों के चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक विद्युत सज्जा व सुगंधित पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। महिलाओं ने मनमोहक रंगोली सजाकर और दीपमाला प्रज्वलित कर गुरुपर्व की खुशियां साझा कीं। अखंड कीर्तन, गुरबाणी प्रवाह और कथा श्रवण के उपरांत लगभग 2000 श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर गुरु का अटूट लंगर छका।
रागी जत्थों ने किया शबद-कीर्तन, हेड ग्रंथी ने कराया गुरु-इतिहास से अवगत
धार्मिक दीवान में पानीपत से विशेष रूप से पधारे पंथ प्रसिद्ध रागी भाई हरकीरत सिंह जी ने मधुर शबद-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। दयालबंद गुरुद्वारे के हजूरी रागी जत्थे के भाई हुस्नप्रीत सिंह ने भी वैराग्यमयी गुरु-जस गायन किया। गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी भाई मान सिंह ने कथा विचार के माध्यम से संगत को गुरु रामदास जी महाराज के पावन जीवन, सेवा-भाव और उनकी अमर शिक्षाओं से अवगत कराया।

21 सहज पाठ साहिब का आयोजन
गुरुपर्व को लेकर पिछले तीन दिनों से गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाए जा रहे थे। आगामी श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व को दृष्टिगत रखते हुए इस अवसर पर 21 सहज पाठ साहिब भी रखे गए हैं।
िंगियाडीह सामुदायिक भवन में भी हुआ विशेष समागम
दयालबंद गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा लिंगियाडीह में प्रस्तावित श्री गुरु तेग बहादुर सामुदायिक भवन परिसर में भी प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित संगत ने गुरु-जस श्रवण किया। हेड ग्रंथी भाई मान सिंह ने सरबत के भले, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की अरदास कर संगत को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाई दी। यहां सुखमनी साहिब सर्कल व प्रबंधक कमेटी ने सेवा उपरांत लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
प्रकाश पर्व के सफल आयोजन में सुखमनी साहिब सर्कल की अध्यक्ष दलजीत कौर सलूजा के नेतृत्व में हरमीत कौर गंभीर, संदीप कौर सलूजा, गोल्डी छाबड़ा, मनप्रीत कौर, रविंदर कौर गंभीर, खुशबू कौर छाबड़ा, श्वेता कौर छाबड़ा, दविंदर कौर सलूजा, अर्पित कौर अरोरा और जसमीत कौर सहित पूरी महिला टीम ने निष्काम सेवा निभाई।
वहीं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार परमजीत सिंह सलूजा, सचिव अमरजीत सिंह दुआ, कोषाध्यक्ष गुरदीप सिंह अजमानी, उपाध्यक्ष मंजीत सिंह अरोरा, सह सचिव जसवीर सिंह गांधी, सोनू, अमनदीप सिंह होरा, सतिंदर सिंह गांधी, बलजीत सिंह गंभीर और रमनदीप सिंह सलूजा सहित पूरी प्रबंधकारिणी समिति व्यवस्था संचालन व सेवा कार्यों में सक्रिय रही।

