भाटिया फ्यूल्स के दसवें वर्ष के आयोजन में उमड़ा शहर,टीना दत्ता ने डांडिया खेलकर बढ़ाई रौनक,जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की जमकर सराहना की,प्रिंस भाटिया बोले—10 साल से मिल रहा शहरवासियों का प्यार,यही रास डांडिया की सबसे बड़ी ताकत..

िलासपुर। नवरात्रि पर्व की भक्ति और उत्साह के बीच फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी खेल मैदान में भाटिया फ्यूल्स द्वारा आयोजित 10वें वर्ष के भव्य रास डांडिया का शानदार शुभारंभ हुआ। माता रानी की महाआरती और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। पूरा मैदान रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक परिधानों और डांडिया की थाप से गूंज उठा।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं उद्योगपति अमोलक सिंह भाटिया, गुरमीत सिंह भाटिया, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, राज्य खेल एवं युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने माता रानी की आरती कर रास डांडिया का शुभारंभ किया। टीना दत्ता ने जमाया रंग, बिलासपुर की जमकर की तारीफ
रास डांडिया के पहले दिन ‘उतरन’ फेम टीवी अभिनेत्री टीना दत्ता विशेष आकर्षण रहीं। उन्होंने मंच से बिलासपुर की जमकर तारीफ की और आयोजन के लिए प्रिंस भाटिया एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की। इसके बाद उन्होंने शहरवासियों के साथ डांडिया खेलकर आयोजन में मौजूद लोगों का उत्साह दोगुना कर दिया।
तीन दिवसीय आयोजन में देश की जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान में शहरवासियों के साथ डांडिया खेलेंगी।
‘रास डांडिया से सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम’ — धरमलाल कौशिक
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने आयोजन के दसवें वर्ष में प्रवेश करने पर आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि नवरात्रि पर्व पूरे देश में आस्था और भक्ति का पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रिंस भाटिया द्वारा नवरात्रि के अवसर पर सभी वर्गों और समाज के लोगों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भाटिया परिवार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के माध्यम से क्रिकेट के क्षेत्र में भी प्रतिभाओं को तैयार करने का काम किया जा रहा है।
‘सांस्कृतिक आयोजनों से शहरवासियों को जोड़ने का सकारात्मक प्रयास’ — तोमर
राज्य खेल एवं युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान समय में सकारात्मक सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से शहरवासियों को एक साथ जोड़ने का काम बेहद महत्वपूर्ण है। नवरात्रि के अवसर पर भाटिया परिवार द्वारा आयोजित रास डांडिया इसी दिशा में एक सराहनीय पहल है।
‘क्रिकेट के साथ सांस्कृतिक आयोजन से बनाई पहचान’ — अटल श्रीवास्तव
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने आयोजन समिति के प्रमुख प्रिंस भाटिया और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों से लगातार इतने बड़े स्तर पर रास डांडिया का आयोजन अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भाटिया परिवार ने क्रिकेट के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए भी शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व पर फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान में बड़ी संख्या में शहरवासी एक साथ जुट रहे हैं और यह आयोजन आपसी जुड़ाव एवं सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण है।
‘दर्शक और श्रद्धालु ही रास डांडिया की असली रौनक’ — प्रिंस भाटिया
आयोजन समिति के प्रमुख एवं फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन प्रिंस भाटिया ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवरात्रि पर्व पर पिछले नौ वर्षों की तरह इस वर्ष भी दसवें वर्ष में रास डांडिया का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दस वर्षों में बहुत कुछ बदला, लेकिन रास डांडिया से जुड़ने वाले चेहरों का अपनापन आज भी वही है। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों पहले इस आयोजन में आते थे, उनमें से कई आज जनप्रतिनिधि के रूप में मंच पर मौजूद हैं। वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और शहरवासियों का लगातार मिल रहा सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
प्रिंस भाटिया ने कहा कि फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी की स्थापना का उद्देश्य लोगों को जोड़ना भी था और नवरात्रि के दौरान रास डांडिया ऐसा अवसर बन गया है, जहां हर साल पूरा शहर एक साथ नजर आता है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि “रास डांडिया की असली रौनक यहां मौजूद दर्शक और श्रद्धालु हैं। 2016 में जब शुरुआत हुई थी, तब कई बच्चे छोटे थे, आज वही बच्चे युवा होकर हमारे साथ खड़े हैं। मेरे साथी और पूरी टीम इस आयोजन की ताकत हैं।”
उन्होंने माता रानी से सभी पर आशीर्वाद बनाए रखने की कामना करते हुए आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, सहयोगियों और शहरवासियों का आभार जताया।
महाआरती से गूंजा मैदान, डांडिया की थाप पर थिरके शहरवासी पहले दिन शाम 7 बजे माता रानी की महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद डांडिया की धुन पर महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने जमकर उत्साह दिखाया। शुभान, आयशा और साहिद के गीतों पर मैदान में मौजूद लोग देर तक थिरकते रहे।
कार्यक्रम में अनिल टाह, अर्जुन तिवारी, पूर्व महापौर रामशरण यादव, महेश दुबे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, डॉ. चंद्रशेखर उईके, डॉ. राजकुमार खेत्रपाल, पलक जायसवाल, रविंद्र सिंह, प्रशांत नारंग, राजेंद्र शुक्ला, अनीता शुक्ला, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, बृजपाल बाली, नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, संजू मक्कड़, श्याम कश्यप, राजकुमार तिवारी, सुरेश पांडे, तेजपाल अरोड़ा, महेश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

