आईजी मीणा की नई पहल,अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने दिया सम्मान...

# Neeraj Makhija | 10 Feb, 2023

बिलासपुर/-  आईजी बद्रीनारायण मीणा रेंज में पदभार ग्रहण करने के साथ ही पुलिस में कसावट लाने के लिए नित नए प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान देने की योजना बनाई है। इस कड़ी में आज उन्होंने आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों का सम्मान किया। साथ ही अपराध समीक्षा बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए...

बता दे आपको आईजी बद्रीनारायण मीणा ने आज अपराध समीक्षा बैठक बुलाई थी। बैठक में उन्होंने रेंज में प्रोएक्टिव पुलिसिंग व विजिबल पुलिसिंग हेतु निर्देश दिया। साथ ही कांकेर में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो के हृदय विदारक दुर्घटना को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूल लगने व छूटने के समय भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण एवं वाहनों के चालकों के स्वास्थ्य व वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। साथ ही साथ दुर्घटनाओ पर नियंत्रण के लिए कारणों का विश्लेषण का दुर्घटना में कमी लाने की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए

पुलिस के द्वारा किसी मामले में चालान पेश करने पर ट्रायल के बाद आरोपियों के दोष मुक्त हो जाने के प्रकरणों को आईजी ने गंभीरता से लिया, और उन्होंने निर्देशित किया कि अब से न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के पूर्व इसकी समीक्षा संबंधित थाने के पर्यवेक्षणकर्ता राजपत्रित अधिकारी के माध्यम से करवाई जाए। ताकि चालान व विवेचना में कोई कमी ना रह जाए व अभियोजन पक्ष की कमी का लाभ आरोपी पक्ष को ना मिले

 उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय के शिकायत शाखा को मजबूत बनाने व शिकायत जांच की गुणवत्ता बढ़ाने निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने रेंज के गंभीर आपराधिक प्रकरणों, समंस वारंट तामिल चिन्हित अपराधों की प्रगति पर रोक, महिला व बच्चों से संबंधित अपराध, यातायात प्रबंधन पासपोर्ट सत्यापन, अनियमित वितीय कंपनियों,दोषमुक्ति प्रकरणों के साथ साथ पुलिस कल्याण के लिए पुलिस अधीक्षकों से चर्चा की

 आईजी बद्री नारायण मीणा ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि अदालत से विभागीय कर्मचारियों अधिकारियों को समंस वारंट तामिली हेतु निर्देश जारी होता है, तो आवश्यक रूप से उन्हें साक्ष्य व बयान हेतु अदालत में उपस्थित करवाया जाना सुनिश्चित करें। स्थाई वारंटी तामिली हेतु अभियान चलाएं

 चिन्हित अपराध योजना के अंतर्गत चिन्हित किए गए अपराधों का पर्यवेक्षण घटना दिनांक से ही वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर किए जाने तथा इस हेतु केस ऑफिसर नियुक्त करने के लिए भी आईजी ने कहा। साथ ही महिलाओं व बच्चों पर घटित अपराधों का जल्द से जल्द निकाल करने के निर्देश दिए।

चिटफंड कंपनियों के फरार डायरेक्टरों की संपत्ति के चिन्हित करने एवं कुर्की कार्यवाही तथा कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण के निर्देश देते हुए जनता के साथ आपसी समवन्य एवं संवाद व सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के भी चर्चा मीटिंग के दौरान की जिसमें सप्ताहिक परेड, पुलिस लाइन व पुलिस क्वार्टर की साफ-सफाई, पानी बिजली व अन्य कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए उनके निदान के लिए निर्देशित किया पुलिस कर्मियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने व टीम भावना से कार्य करने के उद्देश्य से जिलों में रेंज स्तरीय खेलकूद आयोजन किए जाने के लिए निर्देशित किया।

बैठक के समापन पर प्रदेश के जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अवधेश सिंह ने 7 साल से फरार चल रहे हत्या के प्रयास के आरोपी की गिरफ्तारी की, वही सिविल लाइन में ही पदस्थ आरक्षक सरफराज खान ने एनडीपीएस के मामले में नशे का सामान जप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी की, इसलिए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया

इसके अलावा रायगढ़ जिले से आरक्षक प्रमोद सागर व प्रधान आरक्षक राजेश पटेल कोरबा जिले से निरीक्षक अश्वनी राठौर व आरक्षक ओम प्रकाश निराला जांजगीर चांपा से सब इंस्पेक्टर गोपाल सतपथी व आरक्षक जितेंद्र कुर्रे मुंगेली से राजाराम साहू व प्रधान आरक्षक राजेश बंजारे, जीपीएम जिले से सहायक उपनिरीक्षक नवीन मिश्रा व मनोज हनोतिया, सारंगढ़ जिले से निरीक्षक रूपेंद्र नारायण साय व सक्ती जिले से निरीक्षक सतरूपा तारम व आरक्षक खगेश्वर राठौर तथा एजी ऑफिस से उपनिरीक्षक संजय रावत,रवि निर्मलकर श्रीश तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया

 बैठक में बिलासपुर एसपी संतोष सिंह, रायगढ़ एसपी सदानंद कुमार,सक्ती एसपी एमआर आहिरे, सारंगढ़ बिलाईगढ़ एसपी राजेश कुकरेजा, जांजगीर एसपी विजय अग्रवाल मुंगेली एसपी चंद्रमोहन सिंह कोरबा एसपी उदय किरण उपस्थित रहे।

Banner