चैतुरगढ़ की पहाड़ियों में जुआरियों की सजी थी महफ़िल,पुलिस टीम के हत्थे चढ़े 15 जुआरी..

# Neeraj Makhija | 16 Oct, 2022

कोरबा/-  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जुआ सट्टा पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश का असर अब दिखने लगा है। उनके निर्देश के बाद कोरबा पुलिस ने पाली थाना क्षेत्र के चैतुरगढ़ की पहाड़ियों में जुए के फड़ में छापा मारा है। पहाड़ी के ऊपर जुआरी महफ़िल जमा कर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआरियों को पकड़ा। इस दौरान कुछ जुआरी भागने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ा

दीपावली नजदीक आते ही जुआ के शौकीन लोग जगह जगह महफ़िल जमा कर जुआ खेल रहे हैं। बाहर के जुआरी भी जुआ खेलने के लिए कोरबा आने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। तस्दीक होने पर पुलिस ने पहाड़ी पर रेड मारा कर जुआरियों को पकड़ा। ट्रैक्टरों में भर कर दो पहिया वाहनों को पाली थाना लाया गया है वहीं चार से पांच कार भी मौके से जप्त की गई है। पुलिस टीम द्वारा समाचार लिखने तक पहाड़ी पर ही मौजूदगी बनाए रखी गई है और पहाड़ से जुआड़ियों के साथ-साथ अन्य सामानों को उतारने का सिलसिला जारी रहा

 बताया जा रहा है कि स्थानीय कुछ लोगों के द्वारा जुआ का फड़ संचालित कराया जा रहा था जिसमें कुछ नामचीन लोगों सहित आसपास के क्षेत्र के युवा भी पकड़ में आए हैं। जुआ की कार्रवाई की पूरी तस्वीर सोमवार को साफ होगी। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि चैतुरगढ़-जेमराके जंगल में फड़ काफी लंबे समय से चलाया जा रहा था जिसमें न सिर्फ पाली बल्कि आसपास के क्षेत्र और पड़ोसी जिले से भी लोग जुआ खेलने पहुंचते रहे हैं,

स्थानीय पुलिस और उसके मुखबिर को इसकी भनक नहीं लगना अनेक संदेहों को जन्म देता है। वैसे तेजतर्रार आईपीएस उदय किरण ने इस तरह की सूचना पर तत्काल कार्यवाही विशेष टीम के माध्यम से कराया है जिसे लेकर क्षेत्र में खलबली मची हुई है।

Banner