मौत के बाद भी समाज के काम आएगा शरीर, तेलीपारा के दिलीप हरजानी ने किया देहदान का संकल्प..

# Neeraj Makhija | 02 Aug, 2026

बिलासपुर। इंसान अपने जीवन में तो समाज के लिए बहुत कुछ करता है, लेकिन मृत्यु के बाद भी किसी के काम आने का संकल्प अपने आप में बड़ी प्रेरणा है। तेलीपारा के सरजू बगीचा निवासी दिलीप हरजानी ने इसी सोच के साथ मृत्यु उपरांत देहदान करने का संकल्प लिया है।

दिलीप हरजानी ने छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS), बिलासपुर के शरीर रचना विभाग में बाकायदा मृत्यु उपरांत शरीर दान का घोषणा पत्र जमा कराया है। उनके संकल्प के मुताबिक निधन के बाद उनके शरीर का उपयोग चिकित्सा शिक्षा एवं अध्ययन के उद्देश्य से किया जाएगा।

खास बात यह है कि इस नेक पहल में परिजनों की सहमति भी शामिल है। यानी दिलीप हरजानी का यह फैसला सिर्फ व्यक्तिगत सोच नहीं, बल्कि परिवार की सहमति के साथ मानव सेवा की दिशा में उठाया गया एक सराहनीय कदम है। जीवन एक दिन समाप्त होता है, लेकिन इंसान का योगदान नहीं।

दिलीप हरजानी का यह संकल्प आने वाली पीढ़ियों के मेडिकल विद्यार्थियों की पढ़ाई में उपयोगी होने के साथ-साथ समाज में देहदान के प्रति जागरूकता और मानव सेवा की भावना को भी मजबूत करने वाला संदेश है। अपने जाने के बाद भी किसी के काम आ सकें—शायद इससे बड़ी इंसानियत की मिसाल कोई और नहीं।

Banner