श्री पद्माक्षी ग्लोबल स्कूल में भव्य पदग्रहण समारोह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिलाई नेतृत्व की शपथ..

# Neeraj Makhija | 17 Jul, 2026

बिलासपुर/-  श्री पद्माक्षी ग्लोबल स्कूल में छात्र नेतृत्व, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य पदग्रहण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार) तोखन साहू रहे,विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया..

 समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के चारों हाउस—ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद एवं अथर्ववेद—तथा नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने बैज एवं सैश पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने निष्ठा, ईमानदारी और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री तोखन साहू ने कहा कि "सच्चा नेतृत्व किसी पद से नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और श्रेष्ठ चरित्र से पहचाना जाता है।"

उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं, इसलिए उनमें नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना का विकास अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर्स डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. संजना तिवारी, डॉ. उत्कर्ष तिवारी, श्री जयेश तिवारी एवं डॉ. निलय तिवारी तथा प्राचार्या श्रीमती श्वेता सिंह ने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर विद्यालय की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। संगीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि तोखन साहू एवं विद्यालय परिवार ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। गरिमामय वातावरण, अनुशासित आयोजन और विद्यार्थियों के उत्साह से ओतप्रोत यह पदग्रहण समारोह विद्यालय में नेतृत्व, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Banner