मां के सम्मान में लगा हरियाली का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

# Neeraj Makhija | 14 Jul, 2026

बिलासपुर। साहू समाज के नव-निर्मित भवन परिसर, चकरभाठा-बोदरी में रविवार को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस भवन का हाल ही में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव द्वारा लोकार्पण किया गया था। यह कार्यक्रम श्री श्री 1008 सत्यनारायण बाबाजी (रायगढ़) के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया

 कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में अंबिकापुर के पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल (आईपीएस) ने अपनी माताजी श्रीमती उर्मिला बाई अग्रवाल के नाम पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भावपूर्ण संदेश दिया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, साहू समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक जनजागरण अभियान है।

साहू समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि नव-निर्मित भवन परिसर को हराभरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया गया, ताकि आने वाले वर्षों में यह परिसर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बन सके।

Banner