दूधिया रोशनी में चमके नन्हें क्रिकेटर, फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी महाराणा प्रताप ने 133 रन से जीता फ्रेंडली मैच..

# Neeraj Makhija | 19 May, 2026

बिलासपुर//-  फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी महाराणा प्रताप चौक एवं फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी सरकंडा के समर कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के बीच महाराणा प्रताप चौक स्थित खेल मैदान में दूधिया रोशनी के बीच रोमांचक फ्रेंडली क्रिकेट मैच खेला गया।

मैच में फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी महाराणा प्रताप चौक की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 133 रन की बड़ी जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फ्रेंडली मुकाबले का उद्देश्य खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस देने के साथ-साथ उनके प्रदर्शन का आकलन करना भी था। इस दौरान वरिष्ठ कोचों द्वारा खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए गए

 टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी महाराणा प्रताप चौक की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी सरकंडा की टीम 19 ओवर में 125 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। महाराणा प्रताप चौक टीम की ओर से दिव्यांश कश्यप ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 62 रन बनाए और गेंदबाजी में 3 ओवर में 16 रन देकर महत्वपूर्ण 3 विकेट हासिल किए।

उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मैच के माध्यम से दोनों समर कैंप के खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस और खेल कौशल का भी मूल्यांकन किया गया।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर कोचों ने संतोष जताया और कहा कि इस तरह के मुकाबले युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के हेड कोच कमल चड्डा ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक में पिछले 50 दिनों से संचालित समर कैंप का समापन 22 मई को होगा।

समापन समारोह में खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे और समर कैंप के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से शुरू हुए इस समर कैंप में नवोदित खिलाड़ियों को क्रिकेट की आधुनिक तकनीकों, बॉलिंग मशीन एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों की फिटनेस और शारीरिक क्षमता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के समर कैंप में हर वर्ष बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण लेने पहुंचते हैं और यहां से तैयार होकर कई खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

Banner