नकली मसालों से सेहत पर हमला,बिलासपुर में मिलावटखोरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय..

# Neeraj Makhija | 12 May, 2026

बिलासपुर//- बिलासपुर में नकली मसालों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर व्यापार विहार इलाके में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाला बड़ा खेल सामने आया है। खाद्य एवं औषधि विभाग की छापेमार कार्रवाई में मशहूर ब्रांड “एवरेस्ट” के नाम पर नकली मसाले बेचने का मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी ब्रांडेड कंपनी की पैकिंग और लोगो का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट मसाले तैयार कर बाजार में खपा रहे थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिनों पहले भी इसी इलाके से नकली मसालों की खेप पकड़ी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं

 सूत्रों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के पीछे अविनाश उर्फ गोलू नाम के व्यक्ति का हाथ बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर स्टेशनरी व्यवसाय की आड़ में नकली मसालों का बड़ा कारोबार चला रहा है,सूत्रों का दावा है कि कुछ दिनों पूर्व भी जो एवेरेस्ट कम्पनी का डुप्लीकेट माल पकड़ाया था उसमे भी इसी व्यक्ति का मुख्य हाथ था..

चर्चा है कि भारी मात्रा में नकली मसालों का स्टॉक एक गोदाम में छिपाकर रखा गया था, जहां से व्यापार विहार इलाके के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के जरिए अलग-अलग दुकानों तक सप्लाई की जा रही थी। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित मारुति गुड्स गैरेज में छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली मसाले और पैकिंग सामग्री जब्त की।

जांच में सामने आया कि नामी ब्रांड के नाम पर डुप्लीकेट प्रोडक्ट तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे थे। यह सिर्फ मिलावट का मामला नहीं, बल्कि सीधे आम लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर अपराध है। सस्ते और घटिया पदार्थों से तैयार मसाले लोगों की रसोई तक पहुंच रहे थे। विभाग ने गोदाम को सील कर सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं,

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बार-बार कार्रवाई के बावजूद मिलावटखोरों पर पूरी तरह लगाम क्यों नहीं लग पा रही? और कब तक लोगों की थाली में “जहर रूपी मिलावट” परोसी जाती रहेगी? फिलहाल निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि नकली मसालों के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कब तक होता है और कथित सरगना अविनाश उर्फ गोलू तक जांच कब पहुंचती है..

साभार - डंकाराम

Banner