अंधड़ ने खोली बिजली विभाग की पोल,करोड़ों का बजट,फिर भी रातभर अंधेरे में शहर

# Neeraj Makhija | 05 May, 2026

बिलासपुर//-  बारिश शुरू भी नहीं हुई और पहली ही अंधड़ ने शहर की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज हवाओं के चलते जगह-जगह पेड़ सीधे बिजली लाइनों पर गिर गए, जिसके कारण पूरा शहर घंटों अंधेरे में डूबा रहा

इस घटना ने बिजली विभाग और नगर निगम की तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,मिशन स्कूल रोड, मुक्तिधाम रोड, ज्वाली नाला रोड, आरके नगर, उसलापुर, रेलवे क्षेत्र समेत कई इलाकों में पेड़ गिरने से न सिर्फ बिजली गुल हुई, बल्कि रास्ते भी बाधित हो गए।

हालात ऐसे थे कि कई जगहों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी नजर नहीं आई। लोग रास्ता बदलते रहे, आधे रास्ते से लौटते रहे और अंधेरे में घंटों भटकते रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और बिजली विभाग की लापरवाही का यह सीधा नतीजा है। समय रहते पेड़ों की छंटाई नहीं की गई, जिससे हल्की अंधड़ में ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई इलाकों में 5 से 8 घंटे बाद बिजली बहाल हो सकी तो लगभग आधा शहर रातभर अंधकार में डूबा रहा,लोग भीषण गर्मी, अंधेरे और मच्छरों के बीच परेशान होते रहे।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि करोड़ों के बजट और संसाधनों के बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्था न के बराबर नजर आई। जहां-जहां पेड़ गिरे, वहां तत्काल राहत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दिखी।

सवाल यह भी उठ रहा है कि जब मेंटेनेंस के नाम पर नियमित रूप से बिजली बंद की जाती है, तो फिर ऐसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी क्यों नहीं होती...???

शहर के लोगों में आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि बिलासपुर को प्रदेश का प्रमुख शहर कहा जाता है, लेकिन हालात किसी बड़े गांव जैसे नजर आ रहे हैं, जहां मूलभूत सुविधाएं भी भरोसेमंद नहीं हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं, या फिर हर बार की तरह जनता को ही परेशानी झेलनी पड़ेगी..

Banner