ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में लापता छात्र नागपुर से मिला,कोटा पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बरामद..

# Neeraj Makhija | 27 Apr, 2026

बिलासपुर/कोटा/- कोटा थाना क्षेत्र से लापता हुए एक छात्र को पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए नागपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह मामला C.V. रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल से जुड़े छात्र रोहित कुमार (20 वर्ष) के गुम होने का था, जो 6 मार्च 2026 से लापता था

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया (बिहार) निवासी रोहित कुमार बी-फार्मेसी चौथे सेमेस्टर का छात्र है और करगी रोड स्थित विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 7 मार्च को उसके गुम होने की रिपोर्ट थाना कोटा में दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 29/2026 कायम कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने छात्र के क्लासमेट्स, हॉस्टल के छात्रों से पूछताछ की। साथ ही कॉल डिटेल, बैंक अकाउंट ट्रांजेक्शन, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच की गई। पुलिस टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन जैसे स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

आखिरकार 25 अप्रैल को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई और 26 अप्रैल को छात्र को सुरक्षित बरामद कर कोटा लाया गया

 पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग की लत में पड़ गया था और कई लोगों से उधार लेकर पैसे गेम में लगा चुका था। इस बात को पिता को बताने के डर से उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी। पुलिस ने छात्र को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, उप निरीक्षक गोपाल खाण्डेकर सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के जवानों की अहम भूमिका रही।

Banner