पहले सस्पेंड अब FIR,थाने में ही की प्रार्थी से मारपीट..

# Neeraj Makhija | 16 Apr, 2026

बिलासपुर//- रतनपुर थाने में पदस्थ विवादित सहायक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबन की कार्रवाई हुई, और अब उनके खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता विनोद कुमार जायसवाल की शिकायत के आधार पर की गई है

बताया जा रहा है कि थाने के भीतर हुई कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसने मामले की सच्चाई सामने ला दी। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। पहले विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए ASI को निलंबित किया गया, और अब कानूनी कार्रवाई के तहत उन्हीं के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, विभागीय जांच के साथ-साथ अब आरोपी ASI को कानूनी प्रक्रिया का भी सामना करना पड़ेगा।

Banner