सरकंडा में जल्द शुरू होगी फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी की ब्रांच 2.0,बढ़ती आबादी के बीच क्रिकेट प्रशिक्षण का बड़ा विस्तार - प्रिंस..

# Neeraj Makhija | 16 Mar, 2026

बिलासपुर। शहर में क्रिकेट प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी अपने विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है,एकेडमी के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकंडा क्षेत्र में फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी ब्रांच 2.0 की शुरुआत की जा रही है, जहां बच्चों को आधुनिक तकनीक और अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण मिलेगा..

कपिल नगर चांटीडीह मार्ग स्थित मार्क हॉस्पिटल के समीप लगभग 70 हजार वर्ग फीट के विशाल मैदान में यह नया प्रशिक्षण केंद्र तैयार किया जा रहा है। इस खेल परिसर में नर्सरी से लेकर विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जाएंगी।

नई ब्रांच में खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां बॉलिंग मशीन, दो टर्फ विकेट, तीन सीमेंट विकेट और एक एस्ट्रो टर्फ विकेट तैयार किए गए हैं, जिन पर बच्चों को प्रोफेशनल तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

खास बात यह है कि रणजी ट्रॉफी के खिलाड़ी कोच के रूप में खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे, जिससे युवा क्रिकेटरों को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण मिल सकेगा।

शहर की बढ़ती आबादी के साथ क्रिकेट का विस्तार – प्रिंस भाटिया

फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन प्रिंस भाटिया ने बताया कि बिलासपुर शहर की बढ़ती आबादी और क्रिकेट के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए सरकंडा क्षेत्र में नई ब्रांच शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चौक स्थित फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान में पिछले 10 वर्षों से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और यहां से तैयार हुए कई खिलाड़ी आज राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शहर व एकेडमी का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकंडा क्षेत्र में नई ब्रांच शुरू होने से वहां के बच्चों और स्कूल के विद्यार्थियों को नजदीक में ही क्रिकेट प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी, जिससे अधिक से अधिक युवा खिलाड़ी खेल से जुड़ पाएंगे।

1 अप्रैल से शुरू होगा समर कैंप

महाराणा प्रताप चौक स्थित फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान में 1 अप्रैल से समर क्रिकेट कैंप भी शुरू किया जा रहा है। इस कैंप में विभिन्न आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। वरिष्ठ कोचों द्वारा आधुनिक तकनीक के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

समर कैंप के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं, हालांकि प्रवेश के लिए सीमित सीटें निर्धारित की गई हैं। गौरतलब है कि यह समर कैंप पिछले 11 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शहर के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपने खेल को नई ऊंचाई दी है।

Banner