मंच पर महिला सशक्तिकरण की बात और सड़क पर इंसानियत की मिसाल,50 से अधिक उद्यमी महिलाएं हुईं शामिल..

# Neeraj Makhija | 16 Mar, 2026

डेस्क//- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर Confederation of All India Traders (कैट) की महिला इकाई द्वारा “महिला सशक्तिकरण” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर की महापौर पूजा विधानी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती स्नेहलता शर्मा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर लगभग 50 उद्यमी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भामाशाह जी के चित्र पर तिलक एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। इस दौरान कैट महिला इकाई की अध्यक्ष निहारिका त्रिपाठी ने भामाशाह जी के जीवन और उनके समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात सचिव प्रतिज्ञा सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर एक प्रभावशाली कविता के साथ अपने विचार साझा किए, जिसे उपस्थित महिलाओं ने सराहा

 कार्यक्रम में कैट संगठन की गतिविधियों और व्यापारियों एवं उद्यमियों को मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अध्यक्ष निहारिका त्रिपाठी ने महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाने, लैंगिक समानता और आत्मनिर्भरता के साथ व्यापार में आगे बढ़ने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अगस्त माह में दिल्ली में आयोजित होने वाले “भारतीय व्यापार महोत्सव” की जानकारी देते हुए महिलाओं को उसमें भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं को व्यापार और समाज के हर क्षेत्र में आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और उद्यमी महिलाओं को हर संभव सहयोग दिया जाएगा

 वहीं स्नेहलता शर्मा ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर 50 से अधिक महिलाओं के साथ एक प्रेरणादायी दिव्यांग महिला को भी सम्मानित किया गया, जो पिंक रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। वे न केवल स्वयं आजीविका चला रही हैं, बल्कि जरूरतमंदों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, टेडी बियर बनाना सिखाने के साथ ही दिव्यांग और वृद्धजनों को अपने ऑटो से निःशुल्क लाने-ले जाने की सेवा भी देती हैं।

कार्यक्रम में शामिल कई महिलाओं ने कैट की सदस्यता लेने की इच्छा भी जाहिर की। कार्यक्रम को सफल बनाने में कैट की महिला पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा, जिनमें प्रमुख रूप से किरण सिंह, भूमिका डोडेजा, चुन्नी मौर्य, सुमन द्विवेदी, अनुभिका दुबे, नेहा दीप्ता, पूजा अग्रवाल, रेशु शर्मा, डॉ. संजना तिवारी, सईदा वनक, डॉ. आराधना दास, फिरोज अलीम, बबिता ताम्रकार, रौशनी दीक्षित, बर्खा रानी, एकता मल्लिक, रीता मौर्य और रेणु मूंदड़ा सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम के समापन के बाद एक मानवीय और संवेदनशील घटना भी सामने आई। जब सभी महिलाएं कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल रही थीं, तभी लगभग 14–15 वर्ष के एक बच्चे का गंभीर एक्सीडेंट हो गया, जिससे उसके होंठ बुरी तरह फट गए और काफी खून बहने लगा।

इस परिस्थिति में कैट महिला इकाई की प्रतिज्ञा सिंह और निहारिका त्रिपाठी ने बिना देर किए तुरंत बच्चे को संभाला और अपनी ही गाड़ी से उसे जिला चिकित्सालय पहुँचाकर उसका इलाज सुनिश्चित कराया। यह घटना सच्ची नारी शक्ति और मानवता की मिसाल बन गई, जिसने साबित कर दिया कि महिलाएं हर परिस्थिति में साहस, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ समाज के लिए आगे रहती हैं…

Banner