रामनवमी पर आस्था का महाकाफिला,बिलासपुर से 1008 रामभक्त जाएंगे अयोध्या धाम..

# Neeraj Makhija | 12 Mar, 2026

बिलासपुर//-  रामनवमी के पावन अवसर पर बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए प्रस्तावित 1008 रामभक्तों की निशुल्क यात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं..

 इसी क्रम में समाजसेवी एवं यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने नगर विधायक अमर अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की और उन्हें इस पावन यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए इस धार्मिक आयोजन की सराहना की और अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद इसमें शामिल होने का हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

रामनवमी के अवसर पर आयोजित इस विशेष रामलला दर्शन यात्रा को लेकर बिलासपुर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में सिविल लाइन स्थित पुलिस मैदान में आयोजित पंजीयन के दौरान महज कुछ ही घंटों में 1008 सीटें भर जाने से रामभक्तों की गहरी आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला था।

इसी उत्साह के बीच सोमवार को यात्रा समिति का प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा और मुख्यमंत्री से भेंट की। नगर विधायक अमर अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में यात्रा संयोजक प्रवीण झा तथा भाजपा युवा मोर्चा नेता रौशन सिंह भी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रामनवमी के अवसर पर आयोजित इस यात्रा की विस्तृत जानकारी देते हुए बिलासपुर पहुंचकर रामभक्तों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति, आदर्श और मर्यादा के प्रतीक हैं। अयोध्या धाम केवल एक तीर्थस्थल नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती का भी प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है और इस तरह की यात्राएं समाज में श्रद्धा, संस्कृति और एकता की भावना को और अधिक मजबूत करती हैं,मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में इस आयोजन के लिए जुटे सभी समिति सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की

 यात्रा समिति के सदस्य रौशन सिंह ने बताया कि रामनवमी से एक दिन पहले 25 मार्च को सुबह 11 बजे बिलासपुर के पुलिस मैदान से 1008 रामभक्तों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेजी से जारी हैं

Banner