महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड के बाद पुलिस एक्शन मोड में,आईजी और एसएसपी ने सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर तय किए नए सुरक्षा मापदंड..

# Neeraj Makhija | 25 Feb, 2026

बिलासपुर//- राजकिशोर नगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट और सीपत की घटना के बाद बिलासपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है,इसी कड़ी में बुधवार को एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हॉल में सराफा व्यापारियों की अहम बैठक ली, जिसमें सुरक्षा के कड़े मापदंडों की जानकारी दी गई..

बैठक से पहले सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सम्मान किया गया,इस दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित ‘ऑपरेशन गोल्ड’ में शामिल 11 सदस्यीय टीम को शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया..

कार्यक्रम की शुरुआत में कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि जिले की सबसे बड़ी लूट की घटना के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कड़ी मेहनत, रणनीति और टीम वर्क से इतिहास रच दिया। इस ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश पुलिस का सहयोग भी सराहनीय रहा।

आम जनता भी पुलिस का हिस्सा : आईजी

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति को समझते हुए एडिशनल एसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित टीम ने तेजी से कार्रवाई शुरू की, उन्होंने कहा कि टीम की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि 24 घंटे के भीतर गिरोह पकड़ा गया और लूटा गया सामान भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आईजी ने कहा कि अपराध नियंत्रण में आम जनता की भी अहम भूमिका है और सभी को अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

सराफा व्यापारियों को दिए गए सख्त सुरक्षा निर्देश

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि हाल की लूट की घटनाएं चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन पुलिस ने अपराधियों को पकड़कर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने सराफा व्यापारियों को दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सोने-चांदी के आभूषणों को बार-बार लाने-ले जाने से बचने की सख्त सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुकान में ही सुरक्षित भंडारण की पुख्ता व्यवस्था करना आवश्यक है

निर्देशों का पालन नहीं करने पर सदस्यता पर असर

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि एसएसपी द्वारा दिए गए सभी सुरक्षा निर्देशों का सराफा व्यापारी पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में सदस्यों का नवीनीकरण किया जाएगा और जो व्यापारी सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनकी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधिकारियों और सराफा व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई और भविष्य में अपराध रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया..

आईजी रामगोपाल गर्ग और एसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में 

1. उप. पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार

2. निरीक्षक श्री किशोर केवट थाना प्रभारी सिरगिट्टी

3. स.उ. नि. श्री शैलेन्द्र सिंह थाना सरकंडा

4. प्रधान आरक्षक क्रमांक 277 बलबीर सिंह थाना सरकंडा

5. प्रधान आरक्षक 303 अतीश पारीक ACCU बिलासपुर

6. आरक्षक क्रमांक 1148 सरफराज खान थाना तोरवा

7. आरक्षक क्रमांक 1124 आशीष राठौर थाना सिविल लाइन

8. आरक्षक क्रमांक 487 वीरेंद्र गंधर्व थाना पचपेड़ी

9. आरक्षक क्रमांक 1484 सत्य पाटले थाना सरकंडा

10. आरक्षक क्रमांक 1170 वीरेंद्र साहू थाना सरकंडा

11. ⁠खोहाली केवेंट

ये स्पेशल ११ जो मिर्जापुर गई थी.

 

Banner