ज्वेलर लूटकांड से भड़का सराफा संघ,तो वही देर रात शहर से लगे गांव में मिली व्यापारी की कार..

# Neeraj Makhija | 18 Feb, 2026

बिलासपुर//- शहर के सरकंडा क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले और करोड़ों के सोना-चांदी से भरी कार लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद सराफा कारोबारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है,वही आपको बतादे कि व्यापारी की गाड़ी देर रात सीपत गाँव से कुछ दूर पहले उरतूम गाँव मे कार मिली हैं....

इस घटना को लेकर सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें सख्त सज़ा दिलाने तक सराफा संघ चैन से नहीं बैठेगा

राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर ज्वेलर संतोष तिवारी पर हथियार अड़ाकर हमला किया गया और उनकी कार लूटकर आरोपी फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात ने पूरे बिलासपुर के व्यापारी वर्ग को झकझोर कर रख दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही कमल सोनी ने तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क किया और रेंज आईजी राम गोपाल गर्ग से फोन पर चर्चा कर मामले की विस्तृत जानकारी साझा की..

आईजी ने उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने घायल व्यापारी के स्वास्थ्य की भी लगातार जानकारी ली। कमल सोनी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लेते रहे। उन्होंने कहा कि यह बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की घटना है, जिससे व्यापारी समुदाय स्तब्ध और चिंतित है। हालांकि उन्होंने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि पूर्व की तरह इस मामले का भी जल्द खुलासा होगा और आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे।

उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि सराफा कारोबारियों में भय का माहौल खत्म होना चाहिए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। सराफा संघ अध्यक्ष ने घायल संतोष तिवारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा सराफा परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिल जाती, तब तक सराफा एसोसिएशन का संघर्ष जारी रहेगा। इस घटना के बाद शहर के अन्य व्यापारिक संगठनों ने भी एकजुटता दिखाते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है,फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी हैं.

Banner