जनता की राय से बदलेगी पुलिसिंग,थानों में लगा QR कोड,जनता दे रही सीधा फीडबैक..

# Neeraj Makhija | 06 Feb, 2026

बिलासपुर//-  बिलासपुर रेंज में पुलिस और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा ‘‘अनुभव’’ नामक नवीन व्यवस्था का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत आम नागरिक अब क्यू आर कोड स्कैन कर पुलिस सेवाओं को लेकर अपना फीडबैक सीधे दे सकेंगे। इस पहल के अंतर्गत शुभारंभ के दिन ही जिले के सभी थानों एवं पुलिस कार्यालयों में अनुभव क्यू आर कोड लगाए गए।

नागरिकों द्वारा दिए गए फीडबैक का अवलोकन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह द्वारा किया गया, जिसमें जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को लेकर जन अपेक्षाओं के अनुरूप अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है।

फीडबैक के अनुसार सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा एवं सरकंडा थाना में जनता ने पुलिस के व्यवहार, त्वरित कार्यवाही, साफ-सफाई एवं थाने के वातावरण को बहुत अच्छा श्रेणी में आंका है।

कई मामलों में थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनकर तत्काल समाधान किया गया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और संतोष बढ़ा है। वहीं अनुभव से प्राप्त फीडबैक के आधार पर 1-2 थानों में सुधार की आवश्यकता भी सामने आई है। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से समझाइश देकर सुधार हेतु प्रोत्साहित किया गया है

साथ ही संबंधित उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ‘‘अनुभव’’ प्रणाली के माध्यम से प्राप्त जन फीडबैक के आधार पर पुलिस सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा। यह पहल निश्चित रूप से पारदर्शी, संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक अप्रतीम और प्रभावी कदम साबित होगी।

Banner