जमीन ठगी गैंग का सरगना चढ़ा पुलिस के हत्थे,कूटरचना कर करता था फर्जी बिक्री..

# Neeraj Makhija | 15 Sep, 2025

बिलासपुर। जमीन ठगी के बड़े मामले में बिलासपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन की बिक्री की थी..

आवेदक अरुण कुमार दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उन्होंने वर्ष 1999 में ग्राम मोपका स्थित खसरा नंबर 404 की 3000 वर्गफुट भूमि खरीदी थी। इस दौरान सुरेश मिश्रा ने स्वयं को भूमि का मुख्तियार आम बताते हुए बिक्री की। बाद में नामांतरण और डायवर्सन भी कराया गया और कब्जा भी दिया गया

शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने उक्त जमीन को सावित्री देवी राठौर को बेचा तो नामांतरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करने पर सुरेश मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रय विलेख के द्वितीय प्रति में छेड़छाड़ कर तहसील कार्यालय में आपत्ति प्रस्तुत की।

इस आधार पर उनके नाम दर्ज भूमि का खसरा नम्बर बदल दिया गया और उनके अधिकार को विलोपित कर दिया गया। जांच के दौरान यह पाया गया कि सुरेश मिश्रा ने मूल प्रति में खसरा नम्बर 404 और कार्बन प्रति में 429/2 दर्ज कराकर धोखाधड़ी की है

इस मामले में पहले ही आरोपी महेंद्र सिंह ठाकुर, राजेश कुमार मिश्रा, मनोज कुमार दुबे और बनमाली मंडल को गिरफ्तार किया जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में कार्रवाई कर आरोपी सुरेश मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है..

Banner