अंधेरी रातो में चोरों का रहा बोलबाला....

# Neeraj Makhija | 26 Aug, 2023

बिलासपुर/- बिलासपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने एक साथ 5 से ज्यादा दुकानों में धावा बोल दिया। आरोपी गल्ले से नगदी समेत लाखों रुपए का माल पार कर फरार हो गए। सत्यम चौक में मेन रोड स्थित टाइटन शो रूम, मान्यवर रेडीमेड के साथ ही बुधवारी बाजार के मेडिकल स्टोर और शनिचरी बाजार की दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। एक साथ हुई चोरी की घटना से पुलिस की नींद उड़ गई है। पुलिस की टीम इन मामलों की जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाने से महज कुछ दूर स्थित सत्यम चौक से लेकर अग्रसेन चौक जाने वाली मेन रोड में वर्ल्ड ऑफ टाइटन के नाम से घड़ी का शो रूम है। उसके बाजू में ही कमलेश ट्रेडर्स और मान्यवर रेडीमेड शॉप भी है। छत और दुकान के पीछे के रास्ते से आरोपी घुसे हैं। कहा जा रहा है कि चोरों ने 10 से 15 लाख रुपए चोरी किए हैं..

रात 11.30 बजे तक जांच..

वारदात वाली रात ही पुलिस शहर के चौक-चौराहों पर सरप्राइज चेकिंग भी कर रही थी। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। देर रात करीब 11.30 बजे तक पुलिस अफसर और जवान शहर के चौराहों पर तैनात थे...

दुकान के सामने तैनात थे सिक्योरिटी गार्ड

सत्यम चौक स्थित टाइटन शो रूम के सामने तरफ सुरक्षा के लिए पूरी रात यहां गार्ड तैनात था। इसके बाद भी गार्ड को चोरों के आने का पता नहीं चला। पूछताछ में गार्ड ने बताया कि चोर पीछे के रास्ते से आए थे और चोरी कर भाग गए। इसलिए उसे पता नहीं चला।

दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारी, तब खुला चोरी का राज

शनिवार को संचालक और उनके कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।

बुधवारी बाजार में मेडिकल स्टोर से 47 हजार पार शुक्रवार की रात तोरवा क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित रेडक्रास मेडिकल स्टोर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां दुकान में घुस कर चोरों ने गल्ले में रखे 47 हजार रुपए चोरी कर लिया। दुकान के कर्मचारी दिनेश राठौर ने चोरी का केस दर्ज कराया है। उसने बताया कि वह देवरीखुद में रहता है और मेडिकल स्टोर में काम करता है। शुक्रवार की रात दुकान बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। शनिवार की सुबह दुकान पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला। इस मामले में भी पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है

शनिचरी बाजार के दुकान में भी घुसे चोर

शुक्रवार की रात चोर गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर चोरी करते रहे। सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित शनिचरी बाजार के सब्जी मंडी स्थित कंचन मसाला दुकान में चोर घुस गए और नगदी पैसे चोरी कर ले गए। दुकान मालिक श्रीधर वाधवानी ने बताया कि 15 दिन पहले भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराया गया था। लेकिन, चोरों का अब तक पता नहीं चला है।

सीसीटीवी कैमरा खंगाल रही पुलिस

चोरी की सभी केस की जांच पुलिस की एंटी सायबर एंड क्राइम यूनिट की टीम भी कर रही है। वारदात के बाद से पुलिस सभी जगहों पर जाकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। ताकि, चोरों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की जा सके।

Banner